भाजपा नेता सोनाली फोगाट के अंतिम संस्कार में पहुंचे पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई ने प्रदेश सरकार से इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिले और सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि मेरा राजनीतिक व व्यक्तिगत दोनों नुकसान हुआ है। पिछले दिनों ही मैंने उनके साथ बैठकर आदमपुर चुनाव को लेकर रणनीति बनाई थी। परंतु परमात्मा को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने कहा कि सोनाली फोगाट अच्छी नेता होने के साथ-साथ बहुत ही बेहतरीन कलाकार थीं। अंतिम संस्कार में पहुंचे कुलदीप बिश्नोई ने उनकी बेटी यशोधरा के सिर पर हाथ रखते हुए ढांढस दिया। हालांकि यहीं पर उनका एक बयान वायरल हो रहा है जो चर्चा का विषय बन गया।
कुलदीप का वोट वाला बयान वायरल...
सोनाली फोगाट के जाने के बाद नि:संदेह उनका वोट मुझे मिलेगा, जाते वक्त अपने वर्कर्स को कह कर गई होंगी। नि:संदेह वह रहती तो मुझे अधिक फायदा होता। कुलदीप बिश्नोई के बयान का एक अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह मीडिया कर्मी को आदमपुर के चुनाव पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
राजनीतिज्ञों की प्रतिक्रिया
सरकार को भाजपा की महिला नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपनी चाहिए। सोनाली के परिजन मौत को बड़ी साजिश बता रहे हैं। परिवार के लोगों को एफआईआर तक दर्ज कराने में तीन दिन लग गए। आखिर इसके पीछे कौन है। इस पूरे प्रकरण की जांच होनी चाहिए। - कुमारी सैलजा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस तीन दिन तक अंतिम पोस्टमार्टम न होने से परिवार का शक गहरा गया है। परिवार की मांग के अनुसार मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। यशोधरा के लिए यह सबसे बड़े दुख का समय है। इस मासूम को न्याय मिलना चाहिए। सोनाली की मौत काफी दुखद है। - संपत सिंह, पूर्व मंत्री, हरियाणा मैं एक मां होने के नाते यशोधरा का साथ देने आई हूं। इस मामले में जांच होनी चाहिए। दोषी को सजा जरूर मिलनी चाहिए। परिवार को न्याय मिलना चाहिए। मैंने छह साल में अपने मां-बाप को खोया है, मैं यशोधरा के दुख को समझ सकती हूं। - अवंतिका तंवर, अशोक तंवर की पत्नी इस मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। सीएम मनोहरलाल का सीबीआई जांच के लिए लिखकर देने का बयान अजीब है। पूरा परिवार बार-बार मीडिया के सामने मांग कर रहा है। इसके बावजूद लिखकर मांग रहे हैं। यह बड़ी राजनीतिक साजिश है। गोवा के डीजीपी की भी जांच होनी चाहिए। इसमें छोटी मछली पकड़ रहे हैं, बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है। हाईकोर्ट के सीटिंग जज के नेतृत्व में सीबीआई जांच हो। - नवीन जयहिंद ,पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी

0 Comments