बरेली के हाफिजगंज इलाके में युवती की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव सड़क के किनारे भरे पानी में उतराता मिला। युवती का गला पीछे से रेता गया है। उसकी अंगुलियां भी कटी हुईं हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा कर दिया। थाना पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। हाफिजगंज थाना पुलिस पर अपहरण की शिकायत के बाद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। एसपी उत्तरी के समझाने पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 


नवाबगंज थाना क्षेत्र की युवती रविवार रात अपनी फुफेरी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। फुफेरी बहन के मुताबिक हाफिजगंज बाईपास पर कार सवार नवाबगंज निवासी किराना व्यापारी मोनू गुप्ता, उसकी पत्नी और ने उन्हें रोक लिया। इन्होंने स्कूटी पर पीछे बैठी उसकी बहन को कार में खींच लिया। फुफेरी बहन ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक रात में ही उन्होंने हाफिजगंज थाने में नवाबगंज क्षेत्र के मोनू गुप्ता व अन्य के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन एक उसे ढूढ़ने का प्रयास नहीं किया। 


परिजनों ने आरोप लगाया कि वे लोग रातभर पुलिस से बेटी को तलाश करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। शनिवार सुबह हाफिजगंज इलाके में ही फैजुलापुर मोड़ के नजदीक खाई के पानी में युवती की लाश पड़ी मिली। उसकी गर्दन पीछे से कटी थी। हाथ की अंगुलियां भी कटी हुई थीं। सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश भड़क गया। परिजन तमाम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। हत्या की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। 

गुस्साए परिजनों ने युवती का शव कई घंटे नहीं उठने दिया। जानकारी मिलने पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर भी पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। घटनास्थल पर गहनता से छानबीन की गई। पुलिस अफसरों ने युवती के परिजनों को समझाकर शांत कराया। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

करीब तीन घंटे बाद उन्होंने शव को उठने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। चर्चा है कि मोनू गुप्ता की पत्नी को शक था कि उसके पति से युवती के संबंध हैं, इसीलिए उसने युवती की हत्या करवा दी।


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तो मृतका के परिजन नवाबगंज पहुंच गए। वहां उन्होंने आरोपी मोनू गुप्ता के घर के बाहर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। पुलिस ने यहां से उन्हें भेज दिया। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि हत्या का मामला है। सही आरोपी का पता लगाया जा रहा है, पुलिस की लापरवाही अभी सामने नहीं आई है।