मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में भारत में हुई ज्यादतियों पर बनी फिल्म ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ के बाद अब एक और फिल्म इसी कालखंड पर बनने जा रही है। दोनों फिल्मों में समानता यही है कि ये उन मराठा वीरों की कहानी नए नजरिये से दिखाने की कोशिश करती हैं जिन्होंने औरंगजेब के दक्षिण की तरफ बढ़ते कदम महाराष्ट्र में रोक दिए थे। मुगलकाल के दौरान महाराष्ट्र के वीर योद्धाओं ने औरंगजेब के दांत खट्टे कर दिए थे और यहां हुए विरोध के चलते ही मुगलों का असर दक्षिण भारत तक नहीं पहुंच पाया था।
जानकारी के मुताबिक ‘नटरंग’, ‘टाइमपास 2’, ‘गोष्ट लग्नांतर्ची’ जैसी फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी बड़े परदे पर एक ऐसा किरदार करने जा रही हैं, जिनकी गिनती महाराष्ट्र के इतिहास में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान शख्सीयत के तौर पर की जाती है। सोनाली परदे पर महान मराठा योद्धा रानी छत्रपति तारारानी की भूमिका निभाने जा रही हैं। इस मराठी फिल्म का नाम रखा गया है, 'मुगल मर्दिनी छत्रपति तारारानी'इतिहासकारों के मुताबिक छत्रपति तारारानी ऐसी ऐतिहासिक शख्सियत रही हैं, जिन्होंने औरंगजेब को कड़ी टक्कर दी थी। तारारानी 25 साल की उम्र में विधवा हो गई थीं, फिर भी उन्होंने कभी भी अपनी वीरता को नहीं छोड़ा। उन्होंने अपने लोगों के गौरव और स्वतंत्रता के लिए कई विदेशी शासकों, मुगलों, निजामशाही, आदिलशाही, कुतुबशाही, पुर्तगाली शासकों के साथ लगातार मोर्चा संभाले रखा।हिंदी फिल्मों ‘ग्रैंड मस्ती’ और ‘सिंघम रिटर्न्स’ में नजर आ चुकी सोनाली सोनाली कुलकर्णी कहती हैं, 'इस फिल्म में मैं एक ऐसी बहादुर महिला छत्रपति तारारानी का किरदार करने जा रही हूं जिन्होंने मराठा संस्कृति के गौरव को बढ़ाने में महती भूमिका निभाई। यह एक ऐसी कहानी है जो मुझे खुद भी प्रेरित करती है और मैं इस अनुभव को दर्शकों के साथ साझा करने के लिए उत्साहित हूं। एक ऐतिहासिक किरदार निभाना बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी होती है। इस किरदार को निभाने के लिए मैं शारीरिक और मानसिक रूप से तैयारी कर रही हूं।'फिल्म 'मुगल मर्दिनी छत्रपति तारारानी' का निर्देशन लोकप्रिय मराठी निर्देशक राहुल जाधव कर रहे है। उन्होंने बताया, 'अभी इस फिल्म के बारे में कुछ भी बताना बहुत जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना तय है कि यह फिल्म मराठी सिनेमा को एक उच्च स्तर पर लेकर जाएगी। इस खूबसूरत प्रस्तुति को हमारे मराठी दर्शकों के सामने लाने के लिए हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि यह फिल्म मराठी सिनेमा को नई ऊंचाई पर ले जाने की क्षमता रखती है।'

0 Comments